Bihar : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के कार्यालय के बाहर सोमवार को STET 2025 परीक्षा में असफल घोषित किए गए छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बोर्ड पर गलत उत्तर कुंजी के आधार पर परिणाम जारी करने का आरोप लगाया और तुरंत संशोधित रिजल्ट जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने धरने पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए BSEB कार्यालय के बाहर आवाजाही प्रभावित रही। बोर्ड की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बज्र वाहन भी मौके पर लाया गया। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
छात्रों की मुख्य शिकायतें
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि STET परीक्षा में कई प्रश्नों के उत्तर गलत दिए गए थे। इसके बावजूद बोर्ड ने आपत्तियों पर विचार किए बिना अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। छात्रों का कहना है कि सही उत्तरों के अनुसार मूल्यांकन किया गया होता तो वे परीक्षा में उत्तीर्ण हो सकते थे। छात्रों ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा शिक्षक बहाली चरण-4 के तहत 26 हजार से अधिक पदों पर भर्ती जल्द निकलेगी, लेकिन STET में असफल घोषित होने के कारण वे इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने बोर्ड से मांग की कि गलत उत्तरों के अनुसार अंक जोड़कर जल्द से जल्द संशोधित परिणाम जारी किया जाए।
प्रदर्शनकारी छात्रों के ब्यान
STET अभ्यर्थी ऋषभ कुमार ने कहा, “हमने समय रहते उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन बोर्ड ने उसे अनदेखा कर दिया। बोर्ड की गलती की सजा छात्रों को नहीं मिलनी चाहिए।” वहीं, शिवम कुमार ने कहा, “संशोधित रिजल्ट जारी नहीं हुआ तो हजारों छात्रों का करियर खतरे में पड़ जाएगा।”
STET 2025 का रिजल्ट आंकड़े
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 5 जनवरी को राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2025 का परिणाम जारी किया था। परीक्षा के दो पेपर-1 और पेपर-2 में कुल 4.42 लाख अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 2.56 लाख सफल हुए।
पेपर-1 (क्लास 9-10) में 2.46 लाख कैंडिडेट्स शामिल हुए, जिनमें 1.54 लाख पास हुए। पास प्रतिशत: 62%
पेपर-2 (क्लास 11-12) में 1.95 लाख परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया, जिनमें 1.02 लाख पास हुए। पास प्रतिशत: 52%
BSEB अध्यक्ष आनंद किशोर के अनुसार, दोनों पेपर मिलाकर कुल 57% छात्र पास हुए, जबकि पिछले साल यह प्रतिशत 70.25% था।
स्थिति की समीक्षा
BSEB की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


