Giridih : गिरिडीह SP डॉ. विमल कुमार ने बुधवार को वर्ष 2025 में जिले में पुलिस की उपलब्धियों का विवरण पेश किया। उन्होंने बताया कि इस साल पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, नक्सल उन्मूलन, साइबर अपराध रोकने और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाए।
डॉ. कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में कुल 3,828 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से 3,934 मामले सफलतापूर्वक निपटाए गए। पुलिस ने अवैध हथियार और भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद की। नशा विरोधी अभियानों के तहत एनडीपीएस एक्ट के कई मामलों में तस्करों को गिरफ्तार किया गया और ब्राउन शुगर, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए।
साइबर अपराध पर भी पुलिस ने अंकुश लगाया और दर्जनों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, नकदी और अन्य उपकरण बरामद किए गए।
नक्सल विरोधी अभियान में 2025 को ऐतिहासिक वर्ष बताया गया। कई सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया, हथियार और विस्फोटक जब्त किए गए, जबकि कुछ नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया। 14 सितंबर 2025 को गिरिडीह पुलिस और 209 कोबरा बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में तीन कुख्यात माओवादी नक्सली मुठभेड़ में मारे गए। घटनास्थल से तीन AK-47 राइफल, 344 राउंड गोलियां और आठ मैगजीन बरामद की गईं।
इसके अलावा, पुलिस ने कोयला, बालू और पत्थर के अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। इन कदमों से न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत हुई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला। डॉ. विमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह अब तेजी से नक्सल-मुक्त क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।


