Ranchi : महिला हॉकी इंडिया लीग (HIL) 2025-26 सीजन की शुरुआत श्राची बंगाल टाइगर्स ने शानदार जीत के साथ की। सोमवार को रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टाइगर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र और निर्णायक गोल पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में देखने को मिला। टाइगर्स की खिलाड़ी अगुस्टिना गोरज़ेलानी ने मिले पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग फ्लिक लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। यह गोल अंत तक मैच का फैसला साबित हुआ।
मैच की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष के साथ हुई। शुरुआती मिनटों में दोनों ही टीमें एक-दूसरे की कमजोरी तलाशती नजर आईं। धीरे-धीरे सूरमा हॉकी क्लब ने दबाव बनाना शुरू किया और कई बार टाइगर्स के गोल के करीब पहुंची, लेकिन अंतिम क्षणों में फिनिशिंग की कमी के कारण बराबरी नहीं कर सकी।
पहले क्वार्टर के अंतिम मिनटों में सूरमा को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन शिहोरी ओइकावा का शॉट गोल पोस्ट से बाहर निकल गया। दूसरे क्वार्टर में सूरमा ने लगातार आक्रमण किए और कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन टाइगर्स की मजबूत डिफेंस, खासकर लालरेमसियामी की शानदार रक्षात्मक खेल ने बढ़त बरकरार रखी।
इस दौरान सूरमा की खिलाड़ी मारिया ग्रानातो ने एक तेज हमला किया, लेकिन टाइगर्स की डिफेंडर वेलेंटिना रापोसो ने समय रहते खतरे को टाल दिया। तीसरे क्वार्टर में भी सूरमा का दबदबा बना रहा। बलजीत कौर ने एक और पेनल्टी कॉर्नर दिलाया, लेकिन सलीमा टेटे का शॉट निशाने से चूक गया।
अंतिम क्वार्टर में सूरमा ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया। मैच के आखिरी दो मिनटों में उन्हें एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन पेनी स्क्विब का शॉट भी गोल में तब्दील नहीं हो सका। मजबूत रक्षा और अनुशासित खेल के दम पर श्राची बंगाल टाइगर्स ने 1-0 से मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया।
Also Read : एसजी पाइपर्स की शानदार जीत के साथ रांची में महिला हॉकी लीग का भव्य आगाज

