Johar Live Desk : IPL 2026 के मिनी ऑक्शन का आयोजन आज अबू धाबी में किया जा रहा है। इस नीलामी में खिलाड़ियों पर जमकर बोली लग रही है। ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा। इसके साथ ही वह IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हें केकेआर ने ही 2024 में 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।
नीलामी में भारतीय खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 7 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा।
गौरतलब है कि IPL का 19वां सीजन 31 मार्च 2026 से शुरू होगा। इससे पहले यह मिनी ऑक्शन सभी टीमों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। इस नीलामी में कुल 369 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से केवल 77 खिलाड़ियों को ही IPL 2026 के लिए किसी टीम में जगह मिल पाएगी।
मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स के पास सबसे बड़ा पर्स है। केकेआर के पास 64.3 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, जिससे टीम पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हुई हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) भी 43.4 करोड़ रुपये के पर्स के साथ बड़े खिलाड़ियों पर बोली लगा सकती है।
IPL 2026 मिनी ऑक्शन: टीमों का पर्स
- कोलकाता नाइट राइडर्स – 64.3 करोड़ रुपये
- चेन्नई सुपर किंग्स – 43.4 करोड़ रुपये
- सनराइजर्स हैदराबाद – 25.5 करोड़ रुपये
- लखनऊ सुपर जायंट्स – 22.95 करोड़ रुपये
- दिल्ली कैपिटल्स – 21.8 करोड़ रुपये
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 16.4 करोड़ रुपये
- राजस्थान रॉयल्स – 16.05 करोड़ रुपये
- गुजरात टाइटंस – 12.9 करोड़ रुपये
- पंजाब किंग्स – 11.5 करोड़ रुपये
- मुंबई इंडियंस – 2.75 करोड़ रुपये
ऑक्शन के आगे बढ़ने के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम किन खिलाड़ियों पर बड़ा दांव लगाती है।
Also Read : लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर विरोध तेज, सड़क पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता


