Johar Live Desk : संयुक्त राष्ट्र (UN) ने यंग प्रोफेशनल्स प्रोग्राम (YPP) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह प्रोग्राम उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करते हुए वैश्विक मुद्दों में योगदान देना चाहते हैं। इस साल YPP का फोकस ग्लोबल कम्युनिकेशंस पर रखा गया है। आवेदन की अंतिम तिथि कल यानी 14 दिसंबर है। YPP के जरिए संयुक्त राष्ट्र सचिवालय में एंट्री-लेवल पदों पर भर्ती की जाती है। चयनित उम्मीदवारों को प्रोफेशनल डेवलपमेंट के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय सिविल सर्वेंट के रूप में करियर शुरू करने का मौका मिलता है।
दुनिया के अलग-अलग देशों में काम करने का अवसर
इस प्रोग्राम में चयन होने पर उम्मीदवारों को न्यूयॉर्क, जेनेवा, वियना, बैंकॉक और नैरोबी जैसे अंतरराष्ट्रीय ड्यूटी स्टेशनों पर काम करने का अनुभव मिलता है। यहां वे मीडिया, पब्लिक इंफॉर्मेशन और कम्युनिकेशन से जुड़े कार्यों के जरिए संयुक्त राष्ट्र के मिशन को आगे बढ़ाते हैं। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में दो साल की फिक्स्ड टर्म नियुक्ति दी जाती है, जिसे प्रदर्शन के आधार पर स्थायी भी किया जा सकता है।
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की उम्र 32 वर्ष से कम होनी चाहिए, यानी जन्म 1 जनवरी 1993 के बाद का होना जरूरी है। इसके साथ ही कम से कम बैचलर्स डिग्री होनी चाहिए, खासतौर पर ग्लोबल कम्युनिकेशंस से जुड़े विषयों में डिग्री रखने वालों को प्राथमिकता मिल सकती है। उम्मीदवार को अंग्रेजी या फ्रेंच भाषा में दक्ष होना भी जरूरी है। इसके अलावा, उम्मीदवार का उन देशों का नागरिक होना अनिवार्य है जो इस साल YPP में भाग ले रहे हैं। इन देशों की सूची हर साल बदलती रहती है। वर्क एक्सपीरियंस जरूरी नहीं है, लेकिन ज्यादा आवेदकों की स्थिति में यह फायदेमंद हो सकता है।
चयन प्रक्रिया और आवेदन कैसे करें
YPP की चयन प्रक्रिया काफी कड़ी होती है। इसमें पहले आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाती है, इसके बाद ऑनलाइन लिखित परीक्षा होती है, जो दो चरणों में होती है। अंत में इंटरव्यू लिया जाता है। परीक्षा फरवरी से जून 2026 के बीच आयोजित की जा सकती है। इच्छुक उम्मीदवार careers.un.org/ypp या Inspira पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले YPP एप्लीकेंट गाइड और वीडियो देखने की सलाह दी गई है। सफल उम्मीदवारों को तीन साल के लिए वैलिड रोस्टर में रखा जाता है, जहां से अलग-अलग पदों के लिए चयन किया जाता है।
Also Read : कोलकाता पहुंचे लियोनेल मेसी, प्रशंसकों ने किया जोरदार स्वागत


