Patna : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज यानी मंगलवार सुबह से शुरू हो गया है। इस चरण में 3 करोड़ 70 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 122 विधानसभा सीटों के लिए मतदान कर रहे हैं। इन सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें नीतीश कुमार सरकार के आधा दर्जन से अधिक मंत्री भी शामिल हैं।
मतदान केंद्रों की संख्या और उम्मीदवारों का विवरण
इस चरण में कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। हिसुआ सीट (नवादा) में सबसे अधिक 3.67 लाख मतदाता हैं। वहीं, लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, त्रिवेणीगंज, सुगौली और बनमखी सीटों पर सबसे ज्यादा 22-22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
एनडीए और इंडिया गठबंधन के लिए अहम चरण
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 65 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था। दूसरे चरण में मतदान पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिलों में हो रहा है। ये जिले ज्यादातर सीमांचल क्षेत्र में आते हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है। यही कारण है कि यह चरण एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राज्यभर में चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। इस चरण में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग भी जारी है। एनडीए विपक्ष पर ‘घुसपैठियों को संरक्षण देने’ का आरोप लगा रहा है, जबकि विपक्ष अल्पसंख्यक मतदाताओं के समर्थन पर भरोसा जता रहा है।
कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर
दूसरे चरण में कई दिग्गज नेता भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें – जेडीयू के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव (सुपौल), भाजपा के प्रेमेंद्र कुमार (गया टाउन), रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’ (छातापुर), लेशी सिंह (धमदाहा), शीला मंडल (फुलपरस), जामा खान (चैनपुर) जैसे प्रमुख उम्मीदवार शामिल हैं। दूसरे चरण के मतदान के बाद बिहार विधानसभा चुनाव की तस्वीर और साफ हो जाएगी।
Also Read : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में मतदान जारी, सुबह से मतदाताओं में दिखा उत्साह

