Johar Live Desk : इस साल धनतेरस का पर्व आज मनाया जा रहा है। यह दिन कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को आता है और दिवाली की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस के दिन देवी लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। मान्यता है कि इस दिन कुछ विशेष उपाय करने से पूरे साल घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं।
यहाँ जानिए धनतेरस की शाम को किए जाने वाले 5 खास उपाय, जिन्हें अपनाकर आप लक्ष्मी-कुबेर की विशेष कृपा पा सकते हैं
- 13 दीपक जलाएं
धनतेरस की शाम को घर में 13 दीपक जलाने की परंपरा है। ऐसा करने से धन, स्वास्थ्य और सुख-शांति मिलती है। यह दीपक देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर को प्रसन्न करने के लिए जलाए जाते हैं।

- कुबेर पूजा और मंत्र जाप
धनतेरस पर घर की तिजोरी या जहां धन रखा जाता है, वहां कुबेर की विधिवत पूजा करें। धूप, दीप, चंदन, प्रसाद, फूल और फल अर्पित करें। इसके साथ नीचे दिए गए मंत्रों का जाप करें:
“ॐ यक्षाय कुबेर वैश्रवणाय धनधान्यधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा” “ॐ ह्रीं श्रीं क्रीं श्रीं कुबेर अष्ट-लक्ष्मी मम घरे धनं पुरय पुरय नमः”
- मुख्य द्वार पर बनाएं ॐ का चिन्ह
घर के मुख्य दरवाज़े पर हल्दी और चावल के घोल से ‘ॐ’ का निशान बनाएं। यह लक्ष्मी के घर आगमन का प्रतीक माना जाता है।
- शंख से जल छिड़कें
दाहिने हाथ में शंख लेकर उसमें साफ जल भरें और घर के कोनों में जल का छिड़काव करें। ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और वातावरण शुद्ध होता है।
- लक्ष्मी जी की विशेष तस्वीर लगाएं
धनतेरस पर कमल पर विराजमान लक्ष्मी जी की एक विशेष तस्वीर घर लाएं। इस चित्र में दोनों ओर सूंड उठाए हाथी भी होने चाहिए। पूजा के बाद इस तस्वीर को तिजोरी या उत्तर दिशा में रखें। यह घर में सुख-समृद्धि लाने वाली मानी जाती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ये उपाय न केवल धन-संपत्ति बढ़ाने में मदद करते हैं, बल्कि घर में शांति और सकारात्मकता भी बनाए रखते हैं। धनतेरस के दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए ये छोटे-छोटे कार्य आपके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
शुभ धनतेरस