
Johar Live Desk : असम के प्रसिद्ध सिंगर, कंपोजर और म्यूजिक डायरेक्टर जुबीन गर्ग का शुक्रवार को सिंगापुर में एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। 52 वर्षीय जुबीन स्कूबा डाइविंग के दौरान समुद्र में गिर गए थे। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे संगीत जगत को स्तब्ध कर दिया।
हादसे की पूरी जानकारी
रिपोर्ट्स के अनुसार जुबीन नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में हिस्सा लेने सिंगापुर गए थे, जहां वे आज (शुक्रवार) शाम प्रदर्शन करने वाले थे। डाइविंग के दौरान वे बेहोश होकर समुद्र में डूब गए। सिंगापुर पुलिस ने उन्हें तुरंत समुद्र से निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे बच नहीं सके। अस्पताल पहुंचने पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
असम के CM ने जताया गहरा शोक
असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर जुबीन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “आज असम ने अपने सबसे चहेते बेटे को खो दिया। जुबीन गर्ग असम के लिए क्या मायने रखते थे, इसे शब्दों में कहना बहुत मुश्किल है। वो बहुत जल्दी चले गए… ये जाने की उम्र नहीं थी। जुबीन की आवाज में एक अलग ही जादू था, जो लोगों को जोश से भर देती थी। उनका संगीत सीधे दिल और दिमाग से बात करता था। उनका जाना एक ऐसा खालीपन छोड़ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता।”
শব্দ আজি নিজেই নিজত আবদ্ধ
Today Assam lost one of its favourite sons. I am in a loss of words to describe what Zubeen meant for Assam. He has gone too early, this was not an age to go.
Zubeen’s voice had an unmatched ability to energise people and his music spoke directly to…
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) September 19, 2025
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “आने वाली पीढ़ियां उन्हें असम की संस्कृति के एक मजबूत स्तंभ के तौर पर याद रखेंगी। उनका काम आगे भी कई नए कलाकारों को प्रेरणा देता रहेगा। संगीत से परे, लोगों से उनका जुड़ाव और मदद करने का जज्बा हमेशा याद रखा जाएगा। वो जादुई आवाज अब हमेशा के लिए खामोश हो गई है… रेस्ट इन पीस जुबीन, तुम हमेशा असम के सबसे प्यारे रॉकस्टार रहोगे।”
मंत्री अशोक सिंघल ने दी श्रद्धांजलि
असम के कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “हमारे प्यारे जुबीन गर्ग के अचानक निधन से दिल बेहद दुखी है। असम ने सिर्फ एक आवाज नहीं खोई, बल्कि अपनी धड़कन खो दी है। जुबीन दा सिर्फ एक सिंगर नहीं थे, वो असम और पूरे देश का गर्व थे। उनके गानों ने हमारी संस्कृति, हमारी भावनाओं और हमारी आत्मा को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाया।”
जुबीन गर्ग का जन्म 1972 में मेघालय के तुरा में हुआ था। वे असमिया संगीत के अलावा बॉलीवुड में ‘या अली’ जैसे हिट गाने के लिए मशहूर थे। एक्टिंग, कंपोजिंग और प्रोडक्शन में भी उनका योगदान सराहनीय रहा। उनके अचानक चले जाने से फैंस और संगीत प्रेमी सदमे में हैं।