Giridih : गिरिडीह नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को झारखंड लोकल बॉडीज फेडरेशन के नेतृत्व में जोरदार आक्रोश रैली निकाली। शहरभर में घूमते हुए सफाई कर्मियों ने अपनी समस्याओं और 6 सूत्री मांगों को जोर-शोर से जनता और प्रशासन के सामने रखा।
कर्मचारियों का कहना है कि वे सालों से नगर निगम में काम कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि मध्य प्रदेश की तर्ज पर उन्हें नियमित किया जाए और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए पेंशन, ग्रेच्युटी और बीमा की पूरी सुविधा दी जाए।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने राज्य सरकार और निकाय कर्मियों के बीच हुए पुराने समझौते को भी लागू करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि जो सफाईकर्मी दिवंगत हो चुके हैं, उनके आश्रितों को नियम के अनुसार नौकरी दी जाए।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अगर सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो नगर निगम के करीब 200 सफाई कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो सकती है।
Also Read : लोकसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 12 विधेयक पारित