Johar Live Desk : PM नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में “हर घर तिरंगा” अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रांची में 13 अगस्त को महानगर भाजपा की ओर से एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
यात्रा में एनसीसी कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी के हाथों में तिरंगा था और वे “भारत माता की जय” के नारे लगा रहे थे। इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह यात्रा हमारे वीर सैनिकों को सम्मान देने का एक माध्यम है।”
सांसद आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है और 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने का अभियान चल रहा है।
इस तिरंगा यात्रा की सबसे बड़ी आकर्षण रहीं वे बच्चियां, जिन्होंने भारत माता का रूप धारण किया था। ये बच्चियां घोड़े पर सवार होकर तिरंगा यात्रा का हिस्सा बनीं, जिसे देखकर लोगों ने तालियों से उनका स्वागत किया।
यात्रा संकल्प शुक्ला पार्क, कचहरी चौक और शहीद स्मारक चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पर जाकर समाप्त हुई, जहां भारत माता को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नेता रमेश सिंह, महानगर भाजपा अध्यक्ष वरुण साहू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे। राजधानी की सड़कों पर चारों ओर तिरंगा लहरा रहा था और देशभक्ति की भावना से माहौल सराबोर नजर आया।
Also Read : रांची में 79वें स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल, IG ने की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा