Chatra : झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान जोरी खुर्द गांव के रहने वाले कैलाश साहू की 52 वर्षीय पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अंजू देवी रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। साथ ही वह पूजा के लिए फूल भी तोड़कर घर लौट रही थीं। तभी अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश
हादसे की खबर जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस दर्दनाक घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-22 (गया-चतरा रोड) को जाम कर दिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हालात को काबू में किया और हादसे में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Also Read : झारखंड में 600 तकनीकी पदों पर भर्ती, JSSC ने जारी किया स्नातक स्तरीय नोटिफिकेशन


