Ranchi: झारखंड में भीषण जल संकट और बिजली कटौती को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने घोषणा की है कि पार्टी 6 मई से 12 मई तक पूरे राज्य में जिलावार जोरदार प्रदर्शन करेगी। इस आंदोलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सिर पर घड़ा, डेकची और अन्य बर्तन लेकर सड़कों पर उतरेंगे और सरकार की कुंभकर्णी निद्रा को तोड़ने का प्रयास करेंगे।
आंदोलन की रूपरेखा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता में बताया कि राज्य की जनता पानी की बूंद-बूंद के लिए तरस रही है, लेकिन सरकार पिकनिक मनाने में व्यस्त है। भाजपा के कार्यकर्ता 6 दिनों तक अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन करेंगे।
6 मई: गढ़वा, पलामू, लातेहार
7 मई: चाईबासा, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां
8 मई: हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, रामगढ़
9 मई: दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा
11 मई: गिरिडीह, धनबाद, बोकारो
12 मई: रांची, लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, खूंटी
पिकनिक मनाने में व्यस्त है कैबिनेट: आदित्य साहू
आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगभग 80,000 चापानल खराब पड़े हैं, लेकिन सरकार के दावों के बावजूद वे ठीक नहीं हो रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम और पूरी कैबिनेट झारखंड की समस्याओं को सुलझाने के बजाय दूसरे राज्यों में चुनावी दौरे और पिकनिक मनाने में व्यस्त है। साहू ने कहा कि हमारी पार्टी आंखें मूंदकर नहीं बैठ सकती। भाजपा का हर कार्यकर्ता इस जनविरोधी सरकार को जगाने का काम करेगा।
नल-जल योजना पर भ्रष्टाचार का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की नल-जल योजना को लेकर भी बड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि 12,764 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद झारखंड में यह योजना धरातल पर कहीं नहीं दिखती। राज्य में 45 प्रतिशत परिवार अब भी नल-जल योजना से वंचित हैं। झारखंड राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत पीछे है और देशभर में नीचे से दूसरे स्थान पर है। केंद्र सरकार ने 2019-25 के बीच 12,982 करोड़ रुपये दिए, जिसमें से राज्य सरकार केवल 46.30 प्रतिशत राशि ही खर्च कर पाई है।
सरकार को दी चेतावनी
आदित्य साहू ने सरकार को चेतावनी दी कि वे तत्काल प्रभाव से खराब चापानलों की मरम्मत कराएं और पेयजल की व्यवस्था सुदृढ़ करें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब सरकार अखबारों में इसके खंडन जरूर जारी करेगी, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि जनता त्राहिमाम कर रही है। प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, भानु प्रताप शाही और महामंत्री अमर कुमार बाऊरी भी उपस्थित थे।
Also Read : एक्शन में डीसी संदीप कुमार, लातेहार प्रखंड कार्यालय और मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण


