Ranchi : हजारीबाग में दो पत्रकारों पर हुए हमले के खिलाफ बुधवार को रांची में पत्रकारों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रांची प्रेस क्लब में पत्रकार एकजुट हुए और हाथों में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के नाम का काला पोस्टर लेकर अपना आक्रोश जताया। इस दौरान पत्रकारों ने साफ कहा कि लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक हैं। रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभुनाथ चौधरी के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पत्रकार प्रेस क्लब पहुंचे और हमले की घटना की कड़ी निंदा की।
क्या है पूरा मामला
बताया गया कि बीते 28 अप्रैल को हजारीबाग में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान यह घटना हुई। मंत्री से सवाल पूछने के दौरान वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने दो पत्रकारों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि पत्रकारों के साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की और पिटाई की गई, बल्कि गाली-गलौज भी की गई। इस हमले में दोनों पत्रकार घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। इलाज के बाद दोनों पत्रकारों ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

पत्रकारों ने कहा- यह चौथे स्तंभ पर हमला
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने कहा कि राज्य में लगातार मीडिया कर्मियों को निशाना बनाया जा रहा है। कभी रिपोर्टिंग के दौरान हमला होता है, तो कभी सवाल पूछने पर पत्रकारों को धमकाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दो पत्रकारों पर हमला नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। अगर पत्रकार सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो सच सामने कैसे आएगा। पत्रकारों ने सरकार से मांग की कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
Also Read : भूमि अधिग्रहण के खिलाफ CPIM ने फूंका बिगुल, विशाल प्रदर्शन का किया ऐलान


