Bihar : बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद अहम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। इससे पहले सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
एक गाड़ी में दिखे तीन बड़े चेहरे
सुबह मुख्यमंत्री आवास पर संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी पहुंचे। थोड़ी देर बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी वहां आए।
मुलाकात के बाद तीनों एक ही गाड़ी से बाहर निकले। गाड़ी में आगे की सीट पर विजय चौधरी बैठे थे, जबकि पीछे नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी साथ नजर आए। इस तस्वीर ने सियासी हलकों में चर्चा बढ़ा दी है।
सुबह 11 बजे आखिरी कैबिनेट बैठक
सुबह 11 बजे नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। इसे मौजूदा सरकार की आखिरी औपचारिक बैठक माना जा रहा है। इसके बाद एनडीए के सभी घटक दल अपनी-अपनी बैठकों में आगे की रणनीति तय करेंगे।
दोपहर 3 बजे राज्यपाल को सौंपेंगे इस्तीफा
दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन जाकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
शाम 4 बजे तय होगा नया मुख्यमंत्री
इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे।
बुधवार को होगा शपथ ग्रहण
नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण बुधवार सुबह 11 बजे राजभवन में होगा। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार का गठन पूरा हो जाएगा।
Also Read : रांची यूनिवर्सिटी में गहराएगा शिक्षक संकट! एक साल में 21 प्रोफेसर होंगे रिटायर

