Ranchi : रांची के सदर थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक के चलते हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों ने एक महिला को शक के आधार पर पकड़ लिया और जमकर पीटा। महिला को बाद में पुलिस को सूचना देने के बाद हिरासत में लिया गया।
मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे
घटना नायक टोली इलाके की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप था कि महिला बच्चे को चोरी करने के इरादे से वहां आई थी। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने समझाबुझा कर मामले को शांत किया
सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची और मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बड़ी सावधानी और समझाबुझा कर भीड़ को शांत कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि महिला की पहचान की जा रही है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। महिला के इरादों और आरोप की सत्यता सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना जांच-पड़ताल किसी पर भी आरोप न लगाएं और कानून पर भरोसा रखें।
Also Read : पाकुड़ नगर परिषद उपाध्यक्ष ने किया वार्ड निरीक्षण, नालों और सड़कों की सफाई को दिया जोर


