Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के भगवान बिरसा मुंडा चौक पर स्थापित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। इस घटना को लेकर आदिवासी समाज और स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। मामले के विरोध में मांझी परगना स्वशासन व्यवस्था, जामताड़ा (संताल परगना मंडल) के प्रतिनिधियों ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।ज्ञापन में बताया गया कि 6 मई 2026 की रात बिरसा मुंडा चौक पर स्थापित प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे न सिर्फ आदिवासी समाज बल्कि पूरे जिले की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने प्रतिमा की जल्द मरम्मत और पुनर्स्थापना की भी मांग रखी है।
सीसीटीवी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
संगठन ने यह भी मांग की है कि जामताड़ा नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, महापुरुषों की प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की अपील की गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी और नगर पंचायत अध्यक्ष को भी भेजी गई है। आवेदन पर संगठन के कई पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के हस्ताक्षर हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। लोग जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
Also Read : एयरपोर्ट के पास अवैध बस्ती हटाने गई टीम पर हमला, दो होमगार्ड जवान घायल


