Ranchi : रातू थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों के लापता होने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, रातू निवासी सुजीत शर्मा की बेटियां संध्या कुमारी उम्र 16 साल और अर्चना कुमारी उम्र 12 साल बताया जा रहा है,जानकारी के अनुसार दोनों बहने 8 फरवरी की शाम करीब पांच बजे घर से दुकान जाने के लिए निकली थीं। लेकिन देर रात तक वह घर वापस नहीं लौटीं, जिससे पूरे परिवार में बेचैनी का माहौल बन गया।
परिवार ने खुद खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग न मिला
परिजनों के मुताबिक, तय समय तक बच्चियां घर नहीं लौटीं, तो उन्होंने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की। संभावित जगहों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन दोनों का कहीं कोई पता नहीं चला। अचानक दोनों बहनों के गायब हो जाने से परिवार काफी परेशान है और उनके हालात बुरी तरह से प्रभावित हैं।
पुलिस को दी लिखित शिकायत, तलाश शुरू
बच्चियों के पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि समय बीतने के साथ उनकी चिंता और बढ़ती जा रही है और आशंका है कि कहीं बच्चियों के साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।
सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और संभावित ठिकानों पर पूछताछ भी कर रही है। इसके साथ ही बच्चियों की तलाश के लिए स्थानीय स्तर पर सूचना भी प्रसारित की जा रही है।
Also Read : लोकायुक्त, सूचना आयुक्त सहित अन्य पदों पर 6 हफ्ते में नियुक्ति अनिवार्य: हाई कोर्ट


