Patna : बिहार में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए 12 एकलव्य राज्य आवासीय स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर सोमवार से नए स्वरूप और पूरी सुविधाओं के साथ शुरू हो गए हैं। ये प्रशिक्षण केंद्र राज्य के बक्सर, सीतामढ़ी, मुंगेर, नालंदा, पटना, सिवान, कैमूर और बेगूसराय जिलों में खोले गए हैं। राज्य में कुल 68 एकलव्य स्कूल खोले जाने हैं। इनमें से पहले चरण में केवल 12 केंद्रों की शुरुआत की गई है। बाकी केंद्रों पर निर्माण और अन्य कार्य अभी चल रहे हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण ने बताया कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी खेल विकास योजना के तहत इन राज्य आवासीय स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटरों की स्थापना की गई है। इनका उद्देश्य कम उम्र में प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें आवासीय सुविधा और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण देना है, ताकि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य में बनने वाले सभी 68 एकलव्य स्कूलों के लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है। साथ ही खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
जिन जिलों में आज से प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो रहे हैं। वहां संबंधित खेल इस प्रकार हैं – बक्सर में कबड्डी (बालक), सीतामढ़ी में कबड्डी (बालिका), मुंगेर में फुटबॉल (बालक), नालंदा में निशानेबाजी (बालक) और हॉकी (बालिका), पटना में कुश्ती (बालक), सिवान में हैंडबॉल (बालिका), कैमूर में वालीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स (तीनों बालक), और बेगूसराय में ताइक्वांडो (बालक) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
Also Read : पहलगाम आतंकी हमले में आज NIA दाखिल करेगी चार्जशीट


