Ranchi : देश में कश्मीर के बाद अब रांची में भी ट्यूलिप फूलों को देखा जा सकेगा। रांची के लोकभवन परिसर स्थित प्रसिद्ध उद्यान में पहली बार ट्यूलिप लगाए गए हैं, जिनमें अच्छी फ्लावरिंग हुई है। यह उद्यान आम दर्शकों के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी तक खुला रहेगा। उद्यान रोजाना सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला रहेगा, जबकि प्रवेश दोपहर 1 बजे तक ही मिलेगा।
आइसबर्ग लेट्यूस और काले आलू आकर्षण का केंद्र
लोकभवन उद्यान में इस बार कई खास पौधे और फूल लगाए गए हैं। उद्यान प्रभारी रबुल अंसारी ने बताया कि किचन गार्डेन में आइसबर्ग लेट्यूस विशेष रूप से उगाया गया है, जिसका उपयोग सलाद, सैंडविच और बर्गर में किया जाता है। इसमें 96 प्रतिशत पानी होता है और यह विटामिन ए, के और फोलेट का अच्छा स्रोत है। इसके अलावा, पिछले साल लोगों को पसंद आए काले आलू की खेती इस बार दोगुनी मात्रा में की गई है। इस बार करीब 2 डिसमिल क्षेत्र में काले आलू की फसल तैयार की जा रही है। साथ ही काले गाजर भी उगाए गए हैं। लोकभवन उद्यान में इसके अलावा सभी तरह की मौसमी सब्जियां और साग भी लगाए गए हैं।
लोकभवन में बढ़ेगी रंगों की छटा
ट्यूलिप के साथ इस बार तीन नए फूल भी दर्शकों को देखने को मिलेंगे। इनमें कैना लिली, मरक्यूरिस और रेननकुलस शामिल हैं, जिन्हें पहली बार लोकभवन में लगाया गया है। उद्यान प्रभारी पर्यवेक्षक नीलेश रासकर ने बताया कि रांची की जलवायु ट्यूलिप के लिए अनुकूल है। उन्होंने बताया कि दिसंबर महीने में चार रंगों – सफेद, लाल, गुलाबी और काले – के करीब 200 ट्यूलिप बड्स लगाए गए थे। इनमें से तीन रंगों के फूल खिल चुके हैं, जबकि काले रंग के ट्यूलिप कुछ दिनों में खिलेंगे। ये हाइब्रिड इम्पोर्टेड बीज हैं और इस बार प्रयोग के तौर पर लगाए गए हैं। भविष्य में नवंबर महीने से बड़ी संख्या में ट्यूलिप लगाने की योजना है।
Also Read : झारखंड में मिलाजुला रहेगा मौसम, सुबह हल्का कोहरा और दिन में बढ़ेगी गर्मी


