Ramgarh : रामगढ़ जिले के चितरपुर काली चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार मनीष कुमार अग्रवाल (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई आशीष अग्रवाल मामूली रूप से घायल हुए हैं।
कपड़े बेचने जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक मनीष कुमार अग्रवाल और उनके भाई आशीष अग्रवाल गोला जा रहे थे, जहां वे अपने कपड़े के व्यापार से जुड़े काम के लिए जा रहे थे। मनीष अग्रवाल रामगढ़ के निवासी थे।
पुलिस ने ट्रक को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। घायल आशीष अग्रवाल को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। पुलिस के अनुसार, ट्रक गोला की ओर जा रहा था, जब उसने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। पुलिस ने ट्रक को गोला थाना क्षेत्र में पकड़ लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों की मांग
स्थानीय लोगों ने काली चौक पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस चौक पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, इसलिए यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की आवश्यकता है।

