Koderma : जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के विशनीडीह गांव में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भतीजे के तिलक में मिली नई बाइक से हुए एक्सीडेंट में 35 साल के संटू राम की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव और परिवार में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
तिलक की खुशियां पल भर में मातम में बदलीं
जानकारी के मुताबिक, संटू राम अपने बड़े भाई के दो बेटों सुमित और शैलेश के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए **बेंगलुरु से अपने गांव आए थे। शुक्रवार की रात दोनों भतीजों का तिलक समारोह पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। तिलक में लड़की पक्ष की ओर से सुमित को नई बुलेट बाइक और शैलेश को अपाचे बाइक दी गई थी। परिवार में शादी की तैयारियों को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन अगले ही दिन यह खुशी एक बड़े हादसे में बदल गई।
पंडित और नाई को छोड़ने गए थे बाजार
शनिवार सुबह संटू राम तिलक समारोह में आए पंडित और नाई को भतीजे सुमित की नई बुलेट बाइक से बासोडीह बाजार छोड़ने गए थे। दोनों को छोड़ने के बाद जब वे वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बड़ा हादसा हो गया।
पुल की रेलिंग से टकराई बाइक
बताया जा रहा है कि मरचोई सकरी नदी पर बने पुल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संटू राम गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस के सतगावां थाना के एसआई श्रवण राम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है।
घर में शादी की तैयारी, अब छाया मातम
बताया जा रहा है कि संटू राम के भतीजे सुमित की शादी 9 मार्च को बिहार के अंधरवारी में तय थी, जबकि दूसरे भतीजे शैलेश राजवंशी की शादी 11 मार्च को नवादा जिले के हिसुआ में होने वाली थी।
Also Read : सांसद प्रतिनिधि भोला पांडेय के स्वागत में जुटी भाजपा महिला मोर्चा


