Chaibasa : झारखंड के चाईबासा जिले के घने सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक आए आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों में शोक का माहौल है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल सारंडा जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। मंगलवार देर रात जवान अभियान में लगे हुए थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवा और आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे हालात काफी मुश्किल हो गए।
पेड़ गिरने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बाबू डेरा कैंप के पास तेज हवा के कारण एक बड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा। इसकी चपेट में आने से कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। जवान की हालत गंभीर होने के कारण बुधवार तड़के हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें रांची लाया गया। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑपरेशन जारी रहेगा
सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण अभियान में कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन नक्सल प्रभावित इलाकों में ऑपरेशन जारी रहेगा। जवान लगातार जोखिम उठाकर ड्यूटी निभा रहे हैं। शहीद जवान राकेश कुमार का पार्थिव शरीर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बिहार के औरंगाबाद भेजा जा रहा है। उनके निधन से परिवार और सुरक्षा बलों में गहरा शोक है।
Also Read : रांची में नकली HP सामान बनाने का भंडाफोड़, मालाबार रिसॉर्ट से युवक गिरफ्तार


