Ranchi : राजधानी रांची में नकली ब्रांडेड सामान बनाने और बेचने के धंधे का खुलासा हुआ है। HP कंपनी के पदाधिकारियों की लिखित शिकायत पर चुटिया थाना पुलिस ने अनंतपुर स्थित मालाबार रिसॉर्ट के एक फ्लैट में छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम राकेश कुमार बारी बताया गया। करीब 32 साल का राकेश उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है और फिलहाल उसी फ्लैट में रह रहा था। मौके से भारी मात्रा में नकली HP टोनर, इंक कार्टेज, पैकिंग सामग्री और मशीनें बरामद की गई हैं।
फ्लैट में चल रहा था नकली सामान का कारोबार
पुलिस को सूचना मिली थी कि मालाबार रिसोर्ट के फ्लैट नंबर 502 में नकली HP उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम बनाकर छापेमारी की गई। पुलिस मे मौके से राकेश कुमार बारी को गिरफ्तार किया। वहीं, 170 नकली HP टोनर बॉक्स, 45 इंक बोतल (GT53XL और GT52), 600 बबल बैग, 810 कूरियर स्टिकर, 390 एमआरपी स्टिकर, 540 वार्निंग स्टिकर, 330 होलोग्राम, 590 आउटर बॉक्स शीट और 30 खाली टोनर बरामद किए। इसके अलावा एम्बॉसिंग लेजर मशीन, एमआरपी प्रिंट मशीन, पंचिंग मशीन, ब्लोअर, ग्लू गन और एयर फुट पंप जैसे उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनसे नकली सामान तैयार किया जा रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
टीम में शामिल थे ये अधिकारी
छापेमारी टीम में चुटिया थाना प्रभारी पुनम कुजूर, एसआई भवेश कुमार और एसआई निरंजन कुमार महतो शामिल थे। पुलिस का कहना है कि नकली ब्रांडेड सामान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को ठगी से बचाया जा सके।
Also Read : बोकारो ट्रेजरी घोटाला : 25 माह में 63 बार हुई निकासी, 3.15 करोड़ से बढ़कर आंकड़ा हुआ 4.29 करोड़


