Khunti : खूंटी जिले के कचहरी परिसर में बीती देर रात चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक साथ तीन दुकानों का ताला तोड़कर अंदर घुसकर हजारों रुपये नगद लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि जहां चोरी हुई, उसके ठीक बगल में जिला जेल स्थित है, बावजूद इसके चोर बेखौफ वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
तीन दुकानों को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने कचहरी परिसर स्थित तीन दुकानों के शटर का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने सीधे कैश काउंटर को निशाना बनाया और वहां रखी नगदी लेकर फरार हो गए। खास बात यह रही कि चोरों ने दुकानों में रखे अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया।
मेहनत की कमाई पर पानी फेर दिया
घटना से पीड़ित दुकानदारों में काफी आक्रोश और मायूसी है। दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने बड़ी मेहनत से करीब ढाई हजार रुपये जमा किए थे, ताकि बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस खरीद सकें, लेकिन चोर उनकी यह रकम भी ले गए। वहीं प्रमोद तोपनो ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर से करीब साढ़े पांच हजार रुपये गायब थे। इसी तरह कुंडू जेरॉक्स दुकान से भी करीब ढाई हजार रुपये नगद चोरी हो गए।
जेल के पास चोरी से सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह चोरी हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर जिला जेल है। ऐसे में चोरों का बेखौफ आना और वारदात को अंजाम देकर निकल जाना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की छानबीन में जुटी हुई है। जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Also Read : तीन दिन से लापता किसान का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, इलाके में सनसनी


