Ranchi : राजधानी के बरियातू थाना अंतर्गत हरिहर सिंह रोड में बीते रात करीब साढ़े सात बजे प्रीति ज्वेलर्स में हुए लूटकांड का रांची पुलिस ने खुलासा कर लिया है। रांची पुलिस की टीम ने तीन अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित टीम ने 12 घंटे के अंदर पूरे मामले का उद्भेदन किया है। पुलिस ने इन अपराधियों के पास से लूटा हुआ सारा सामान, मोबाइल और बाइक बरामद किया है। इस मामले में सिटी एसपी पारस राणा प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी पत्रकारों को देंगे।
क्या है मामला
मालूम हो कि बीती शाम अपराधियों ने हथियार के बल पर ज्वेलरी दुकान में घुसकर लूटपाट की थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। बदमाशों ने हरिहर सिंह रोड स्थित प्रीति ज्वेलर्स में अचानक धावा बोल दिया। दुकान में मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर डराया गया और फिर आराम से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। बताया जा रहा है कि पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हो गई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों के हाथ में हथियार था। उन्होंने दुकान में घुसते ही लोगों को चुप रहने की धमकी दी। डर के कारण कोई भी उनका विरोध नहीं कर सका और बदमाश आसानी से अपना काम कर निकल गए। जैसे ही लूट की खबर फैली, आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गये थे। घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला गया था।
Also Read : रांची में सरेशाम लूट, हथियार के बल पर दिया वारदात को अंजाम

