Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने रांची के धुर्वा क्षेत्र से लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका को सकुशल बरामद कराने में अहम भूमिका निभाने वाले युवाओं को सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, रांची में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सुदेश महतो ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार लोग ही वास्तविक बदलाव के वाहक होते हैं। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने बच्चों की तलाश में सक्रिय भूमिका निभाई और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की, वे निश्चित रूप से सम्मान के पात्र हैं।
युवाओं के साहस और मानवता की सराहना की
उन्होंने युवाओं के साहस, जिम्मेदारी और मानवता की भावना को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह की पहल को प्रोत्साहित करना समाज की सुरक्षा और एकजुटता के लिए जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी कोशिशों से पुलिस प्रशासन को भी सहयोग मिलता है और पुलिस को ऐसे समाजसेवियों के प्रति उदार रवैया अपनाना चाहिए।
सुदेश महतो ने बच्चों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों बच्चों की सुरक्षित वापसी पूरे समाज के लिए राहत की बात है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि लापता बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
इन युवाओं को किया गया सम्मानित
सम्मानित किए गए युवाओं में डब्लू साहू, सचिन प्रजापति, सन्नी नायक, सुनील प्रजापति, अंशु दांगी, राकेश दत्ता, भानु मुखिया, दिवाकर नायक, महादेव जायसवाल समेत पूरी टीम शामिल है। सभी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में पार्टी के महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सदस्य डॉ. रोहित महतो, रांची जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, रांची जिला बुद्धिजीवी संघ के अध्यक्ष मो. सज्जाद, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, रांची महानगर युवा आजसू अध्यक्ष अमित यादव, प्रताप सिंह, केंद्रीय सदस्य पंकज बर्नवाल, छात्र संघ अध्यक्ष ओम वर्मा, केंद्रीय सचिव हरीश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read : 16 साल बाद राजहरा कोलियरी से फिर शुरू होगा कोयला उत्पादन

