New Delhi : भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव करने जा रहा है। मार्च 2026 से अनरक्षित टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS मोबाइल ऐप बंद हो जाएगा। इसके स्थान पर देशभर में रेलवन (RailOne) मोबाइल ऐप ही टिकट और अन्य रेलवे सेवाओं के लिए एकमात्र आधिकारिक प्लेटफॉर्म होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को अलग-अलग ऐप्स और विकल्पों की तलाश से मुक्ति देना है। वर्तमान में UTS ऐप लोकप्रिय था क्योंकि इसके जरिए यात्री मोबाइल से सीधे टिकट बुक कर लेते थे। अब रेलवे पूरी तरह रेलवन ऐप पर ध्यान केंद्रित करेगा।
रेलवन ऐप के फायदे :
- देशभर के सभी रेलवे नेटवर्क के लिए केंद्रीकृत प्लेटफॉर्म
- अनरक्षित और अन्य रेलवे टिकट बुकिंग
- सीट उपलब्धता, ट्रेन शेड्यूल, प्लेटफॉर्म जानकारी और टिकट रद्द करने जैसी सुविधाएँ
- सुरक्षित भुगतान विकल्प और रियल-टाइम ट्रेन स्थिति
- मोबाइल और डेस्कटॉप दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
रेलवे ने यात्रियों को प्रोत्साहित करने के लिए रेलवन ऐप से टिकट बुकिंग पर 3% किराया में छूट की भी घोषणा की है। यह सुविधा 14 जनवरी 2026 से लागू होगी। विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवन ऐप के आने से यात्रियों का समय और पैसा दोनों बचेगा। अब उन्हें अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने या जानकारी ढूंढने की जरूरत नहीं होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द रेलवन ऐप डाउनलोड कर लें और मार्च 2026 से नए सिस्टम का उपयोग शुरू करें। इस बदलाव से भारतीय रेलवे की डिजिटल पहल और मजबूत होगी और यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग आसान, तेज और सुरक्षित बनेगी।
Also Read : झारखंड में नगर निकाय चुनाव फरवरी-मार्च में, मेयर और पार्षद के लिए एक ही बैलेट बॉक्स


