Baharagora : बरसोल थाना क्षेत्र के खंडामौदा चौक के पास सड़क किनारे बिखरे बालू के कारण एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से बहरागोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांड्रा पंचायत अंतर्गत आडंग गांव निवासी चंद्रशेखर भुई (45) और उनके चाचा राम रतन भुई (56) किसी काम से बहरागोड़ा बाजार गए थे। बाजार से लौटने के दौरान खंडामौदा चौक के पास सड़क किनारे पड़े बालू पर मोटरसाइकिल का चक्का फिसल गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को बहरागोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार चंद्रशेखर भुई को चेहरे में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बारीपदा अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पीछे बैठे राम रतन भुई को आंशिक चोटें आई हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
Also Read : दावोस जायेंगी कल्पना सोरेन, महिला नेतृत्व और ग्रामीण सशक्तिकरण का देंगी वैश्विक संदेश

