Giridih : गिरिडीह के हरलाडीह ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ महापाप मामले का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस कांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में राजेश मुर्मू, रवीन्द्र टुडू, संजय टुडू और सोहन टुडू शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक जींस पैंट तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इश बात का खुलासा जिले के एसपी डॉ. बिमल कुमार ने किया है।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मीडिया को बताया कि बीते 25 जनवरी की रात हरलाडीह ओपी क्षेत्र में आयोजित जतरामेला देखने गई दो नाबालिग बच्चियों की आबरू कुछ अज्ञात लोगों मिलकर लूट ली। घटना के अगले दिन 26 जनवरी को खुखरा (हरलाडीह) थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ सुमित प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल पर रांची के श्वान दस्ता, एफएसएल की टीम और तकनीकी शाखा को तैनात किया गया, जिन्होंने महत्वपूर्ण सबूत हासिल किये। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त चार वयस्क अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में शामिल चार विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया गया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित नाबालिगों को हरसंभव कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
Also Read : ‘एक्टिंग DGP’ पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, राज्यों को समय पर ‘नियमित DGP’ प्रस्ताव भेजने का आदेश


