New Delhi : नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने घोषणा की है कि 1 फरवरी 2026 से कार, जीप और वैन जैसी चार-पहिया गाड़ियों के लिए फास्टैग जारी करने में Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। इस फैसले से फास्टैग एक्टिवेशन के बाद होने वाली परेशानियों और दस्तावेजी जाँच से वाहन चालकों को निजात मिलेगी।
KYV यानी Know Your Vehicle, एक जांच प्रक्रिया है, जिसके तहत यह सुनिश्चित किया जाता था कि फास्टैग सही वाहन और उसके असली मालिक से जुड़ा हुआ है। इसके लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, मालिक की जानकारी और पहले से किसी एक्टिव फास्टैग की स्थिति की जांच की जाती थी। कई बार फास्टैग एक्टिव होने के बावजूद KYV पूरी न होने पर यूजर्स से दोबारा दस्तावेज मांगे जाते थे, जिससे लोगों को अनावश्यक देरी, कॉल और परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
NHAI के नए फैसले के अनुसार अब फास्टैग जारी और एक्टिव हो जाने के बाद कोई पोस्ट-एक्टिवेशन KYV की जरूरत नहीं होगी। इससे फास्टैग की प्रक्रिया आसान और यूजर-फ्रेंडली बन जाएगी। पुराने फास्टैग यूजर्स को भी रूटीन KYV प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नहीं होगी, हालांकि कुछ खास परिस्थितियों में जांच की जा सकती है, जैसे फास्टैग गलत तरीके से जारी होना, टैग का दुरुपयोग होना या किसी तरह की शिकायत दर्ज होना।
सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए अब बैंक ही फास्टैग को एक्टिव करेंगे, और केवल तभी जब वाहन पोर्टल पर पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। अगर किसी दुर्लभ स्थिति में वाहन की जानकारी पोर्टल पर नहीं होती, तो बैंक को वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट देखकर जांच करनी होगी।
लंबे समय से वाहन चालकों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए NHAI ने यह बड़ा कदम उठाया है। इससे फास्टैग सिस्टम और सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगा, और यूजर्स को बिना किसी रुकावट के नेशनल हाईवे पर सफर करने में सुविधा मिलेगी।


