Ranchi : साल 2025 रांची पुलिस के लिए अपराध नियंत्रण के लिहाज से अहम रहा। पूरे वर्ष पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर संगठित अपराध, नशा तस्करी, नक्सल गतिविधियों और अवैध खनन के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की। इस दौरान कुल 399 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले साल में अभियान को और तेज किया जाएगा।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई
एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 87 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 46 मामलों का निष्पादन किया गया। इस दौरान 156 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम, डोडा, प्रतिबंधित सिरप और कैप्सूल बरामद किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 14.84 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा अवैध अफीम की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2582.67 एकड़ में लगी अवैध फसल को नष्ट किया गया। इस संबंध में 93 मामले दर्ज हुए और 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
संगठित अपराध और हथियार बरामदगी
संगठित अपराध के 29 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 82 मामलों का निष्पादन हुआ और 44 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इस दौरान पिस्टल, देशी हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 72 मामले दर्ज हुए, जिनमें 102 मामलों का निष्पादन किया गया और 86 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कुल 106 हथियार और 362 जिंदा गोलियां बरामद हुईं।
चोरी और छिनतई के मामले
दोपहिया वाहन चोरी के 1286 और चारपहिया वाहन चोरी के 47 मामले दर्ज किए गए। वहीं छिनतई और गृहभेदन सहित चोरी के 1000 से अधिक मामले सामने आए। पुलिस ने बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, वाहन, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
नक्सल विरोधी कार्रवाई
नक्सल गतिविधियों से जुड़े 29 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 43 मामलों का निष्पादन हुआ और 17 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इस दौरान हथियार और गोलियां भी बरामद की गईं। हालांकि आत्मसमर्पण या मुठभेड़ की कोई घटना नहीं हुई।
अवैध उत्खनन पर सख्ती
अवैध बालू, कोयला, पत्थर और लकड़ी के मामलों में कई वाहन जब्त किए गए। सैकड़ों टन अवैध खनिज और हजारों घनफुट बालू बरामद की गई। ट्रक, हाईवा, ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य वाहन जब्त किए गए हैं।
अन्य कानूनी कार्रवाई
सीसीए, PIT NDPS, जिला बदर, थाना हाजिरी और निगरानी जैसे प्रावधानों के तहत भी कई लोगों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
Also Read : सेना कैंप में लगी आ’ग, विकराल आ’ग पर काबू पाने में जुटी टीम


