Johar Live Desk : ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप का 16वां संस्करण गुरुवार से जिम्बाब्वे और नामीबिया में शुरू हो गया है। टूर्नामेंट का आगाज भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे बुलावायो में भारत और अमेरिका के बीच मैच से होगा। ICC के चेयरमैन जय शाह ने सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंडर-19 टूर्नामेंट लंबे समय से क्रिकेट के भविष्य के सितारों को सामने लाने का मंच रहा है।
टीमों का विवरण और प्रारूप
इस बार टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। पहले राउंड के बाद चार टीमें बाहर होंगी और बाकी 12 टीमें सुपर सिक्स में प्रवेश करेंगी। सुपर सिक्स में दो ग्रुप होंगे और हर ग्रुप की टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी।
ग्रुपों का विवरण :
- ग्रुप A : भारत, न्यूजीलैंड, अमेरिका, बांग्लादेश
- ग्रुप B : पाकिस्तान, इंग्लैंड, जिम्बाब्वे, स्कॉटलैंड
- ग्रुप C : ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जापान
- ग्रुप D : साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, तंजानिया, अफगानिस्तान
सबसे सफल टीम और फेवरेट
अंडर-19 वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम भारत है, जिसने अब तक पांच बार खिताब जीता है। ऑस्ट्रेलिया ने चार, पाकिस्तान ने दो और वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और इंग्लैंड ने एक-एक बार जीत हासिल की है। भारत पिछले पांच एडिशन में लगातार फाइनल में पहुंचा है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2024 का डिफेंडिंग चैंपियन है।
वेन्यू और मैच की जानकारी
इस बार टूर्नामेंट पहली बार जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित हो रहा है। जिम्बाब्वे में 25 मैच होंगे, जिनमें सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। नामीबिया में 16 मैच होंगे। नामीबिया में सभी मैच विंडहोक के दो ग्राउंड्स-नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड और हाई परफॉर्मेंस ओवल में खेले जाएंगे। जिम्बाब्वे में मैच हरारे और बुलावायो शहरों में होंगे। फाइनल 6 फरवरी को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण
भारतीय फैंस मैच को जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकते हैं। टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क मैच का कवरेज देगा।
भारतीय अंडर-19 टीम
आयुष म्हात्रे (कप्तान), अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उधव मोहन, हेनिल पटेल, खिलान पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी।
Also Read : पलामू में दिनदहाड़े फाय’रिंग, पूर्व मुखिया और दुकानदार को मा’री गो’ली


