Itki : मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने इटकी में महिला संकुल के कलस्टर भवन और जीएमएस ऊर्दू बालक स्कूल में चार नए कमरे का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मृतक लाभुक रोहित मिंज की पत्नी मीना मिंज को दो लाख रुपये का चेक भी सौंपा गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ट्रेक्टर योजना के तहत मिनी ट्रैक्टर की चाभी एकता सखी मंडल इटकी को दी गई।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिला सशक्तिकरण और शिक्षा है। उन्होंने बताया कि महिला समूह की दीदियों के लिए अब पेड़ या खुले आसमान के नीचे बैठने की जरूरत नहीं होगी, उनका खुद का भवन होगा। कलस्टर भवन से महिला समूह अब अपनी कार्य योजना को और गति दे सकेंगे।

वहीं जी एम एस ऊर्दू बालक स्कूल में चार अतिरिक्त कमरों के निर्माण से छात्रों को बेहतर शिक्षा और नामांकन में बढ़ोत्तरी होगी। इसके साथ ही यह भी कहा कि शिक्षित और समझदार पीढ़ी ही समाज के विकास की कुंजी है। उन्होंने यह भी बताया कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में सरकार की योजनाएं तेजी से धरातल पर लागू हो रही हैं। बूढ़ाखुखरा में 5 हजार एमटी का कोल्ड स्टोरेज बनकर तैयार हो चुका है, जिसका उद्घाटन जल्द किया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रंजन किस्पोट्टा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रमेश महली, JSLPS प्रतिनिधि संगीता टोप्पो, जिन्नत प्रवीन, अबू माज, मचकुल आलम सिद्दीकी, अब्बास अंसारी, आमना खातून, अंजुल जमाल, अबरार इमाम, JSLPS जिला कार्यक्रम प्रबंधक अभिषेक चाँद, जिला प्रबंधक देवाशीष चाकी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक नितेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
Also Read : देवघर पहुंचे सांसद निशिकांत दुबे, यूजीसी विवाद और राज्य–केंद्र संबंधों पर रखी बात


