Dhanbad : धनबाद के केंदुआडीह में गैस रिसाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को 12 दिन बीत जाने के बाद भी गैस को पूरी तरह रोकने में सफलता नहीं मिल पाई है। इलाके में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
स्थानीय निवासी दीनानाथ सिंह ने बताया कि रिसाव वाली जगह पर मिट्टी भरने का काम बहुत धीमी गति से हो रहा है। उनका कहना है कि गैस जिस जगह से निकल रही है, वहां सामने एक दीवार खड़ी है। जब तक उस दीवार को हटाकर नीचे तक मिट्टी नहीं भरी जाएगी, रिसाव रुकना मुश्किल है।
बीसीसीएल की तकनीकी टीम लगातार गैस की मात्रा माप रही है। आज गैस का स्तर 900 यूनिट दर्ज किया गया, जो बेहद खतरनाक माना जाता है। प्रशासन ने लोगों से थोड़े समय के लिए घर खाली करने की अपील की है, लेकिन ग्रामीण इससे इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक गैस रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, वे कहीं नहीं जाएंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीसीसीएल सिर्फ दिखावे का काम कर रहा है और समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है। गैस की मात्रा बढ़ने और काम की धीमी रफ्तार से लोग नाराज हैं।
इस बीच राहत कार्यों में थोड़ी तेजी लाई गई है। जिन जगहों पर ड्रिलिंग की जा सकती है, वहां मार्किंग कर दी गई है। अधिकारियों की टीम ने इन जगहों का निरीक्षण भी किया है। हालांकि ड्रिलिंग की शुरुआत वैज्ञानिकों और तकनीकी एजेंसियों से अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही की जाएगी। फिलहाल टीमें निर्देशों का इंतजार कर रही हैं।

