Jamshedpur : जमशेदपुर में शनिवार को एक मकान में आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग उर्मिला देवी के मकान में लगी, जो इतनी तेजी से फैल गई कि पूरा मकान धू-धू कर जलने लगा। मकान के वेंटिलेटर से आग की लपटें बाहर निकलती दिखाई दे रही थीं। घटना मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुट्टू में कावेरी रोड से सामने आई है।
घटना के समय घर में कोई नहीं था
खुशकिस्मती से आग लगने के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से घर का ताला तोड़कर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मकान मालिक की ईश्वर को धन्यवाद
आग बुझाने के समय उर्मिला देवी अपने घर के पास पहुंचीं। उन्होंने बताया कि मकान में रखा सारा सामान जल गया – राशन, नकदी, कपड़े, फर्नीचर, रजाई, गद्दा और पलंग सब कुछ जलकर राख हो गया। उर्मिला देवी ने कहा कि उन्हें ईश्वर ने बचा लिया। वह कुछ सामान लेने घर से निकली थीं और इसी वजह से जान बच गई।
बेटा बाहर कमाता है : उर्मिला देवी
उर्मिला देवी का कहना है कि उनका बेटा बाहर कमाता है और उसने मकान पक्का बनवाया था, लेकिन मकान में अभी प्लास्टर नहीं हुआ था। उन्होंने कहा, “अगर मैं सामान लेने घर के अंदर गई होती, तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी।”
Also Read : NCP विधायक दल की नेता चुनी गईं दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा, लेंगी शपथ

