Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम में आपसी विवाद के कारण एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बड़ा जामदा थाना अंतर्गत बाईसाई गांव निवासी रवि सांडिल (25 वर्ष) उर्फ चंडी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि हत्या पुराने विवाद का परिणाम है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। मृतक के पिता दुला सांडिल की शिकायत पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में बड़ा जामदा थाना अंतर्गत प्लांट साईं गांव निवासी आरोपी बिंदु जोजो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और पत्थर बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रवि और आरोपी के बीच पहले से विवाद चल रहा था और आरोपी ने पहले भी हत्या की धमकी दी थी। घटना बीती देर रात की है, जब रवि अकेले एक अधूरे भवन में सो रहा था। आरोपी वहां पहुंचा और पहले पत्थर से सिर पर वार कर रवि को बेहोश कर दिया। इसके बाद धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी और फरार हो गया।
शनिवार सुबह परिजनों ने जब रवि को घर न पाया तो मौके पर जाकर देखा कि वह खून से लथपथ मृत पड़ा है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव व हत्या में इस्तेमाल वस्तुएं बरामद की। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मामले की छानबीन और आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read : NCP विधायक दल की नेता चुनी गईं दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा, लेंगी शपथ

