Pakur : आगामी पर्व शब-ए-बारात और महाशिवरात्रि को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। दोनों पर्वों को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की है। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने की।
डीसी ने दिये यह निर्देश
डीसी मनीष कुमार ने कहा कि पाकुड़ जिला हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए जाना जाता रहा है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संसेदनशील इलाकों, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की भी अपील की।
अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात : एसपी
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि जिले के सभी संवेदनशील धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती अभियान चलाने और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी ने पदाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहकर आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। वहीं, नगर परिषद क्षेत्र में लागू आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
बैठक में मौजूद लोग
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Also Read : रांची में म’र्डर के बाद हंगामा, विरोध में गुस्साए लोगों ने जाम किया लालपुर चौक

