घास काटने के लिए निकली हुई नाबालिग लड़की का शव बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

गढ़वा : शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की की लाश बरामद की गई है। कांडी थाना क्षेत्र के चटनिया पंचायत अंतर्गत सतुअही जंगल में सुबह लड़की का शव देखा गया। लाश मिलने की सूचना जैसे ही चारो तरफ फैली। मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मामले की सूचना मिलने पर कांडी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर.अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया। लड़की की पहचान चौबे मझिगावां गांव के नवडीहवा टोला निवासी विजय पासवान की 17 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी के रूप में की गई है।

परिवार वालों ने बताया कि लड़की अपने घर से बुधवार को दोपहर घास काटने के लिए निकली हुई थी। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी। पिता विजय पासवान ने आस-पास पड़ताल की। लड़की का कहीं कोई पता नहीं चला। पड़ोसियों से जानकारी मिली कि उसे जंगल की ओर जाते हुए देखा गया है। इस दौरान नवडीहवा टोला का रहने वाला अखिलेश रजवार नाम का युवक लड़की के साथ था।

परिवार ने युवक से पूछताछ की लेकिन लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। शव मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने युवक पर पूजा की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। परिवार की शिकायत के अनुसार पुलिस युवक से पूछताछ करेगी। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।