चाची-भतीजे की कपड़ा धोने के दौरान चेक डैम के गहरे पानी में डूबने से मौत,पुलिस ने बरामद की शव

चतरा : शुक्रवार को चाची-भतीजे की चेक डैम के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के ऊंटा गांव स्थित हदहदवा नदी के समीप बने चेक डैम की है। मृतकों की पहचान रामरत्न पांडेय की पत्नी उषा देवी (35 वर्षीय) व बैजू पांडेय के बेटे रूपेश पांडेय (9 वर्षीय) के रूप में की गई है। पुलिस ने दोनों के शवों को डैम से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद पूरा गांव मर्माहत है। चौतरफा सन्नाटा पसरा हुआ है।

परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है।परिवार के लोगों ने बताया कि चाची भतीजे को अपने साथ लेकर कपड़ा धोने चेक डैम गई हुई थी। बताया जा रहा है कि उषा देवी कपड़ा धोने लगी्ं। इसी बीच उसका भतीजा रूपेश नहाने के लिए डैम में उतर गया। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया। बच्चा चिल्लाने लगा। बच्चे को बचाने के लिए महिला शोर मचाने लगी। मदद के लिए किसी को आते नहीं देखकर वह खुद पानी में उतर गई। जिसके बाद दोनों गहरे पानी में समा गए।

पानी में दम घुटने की वजह से दोनों की मौत हो गई।परिवार के लोगों को इसकी जानकारी आसपास के लोगों से हुई। लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक व सदर थाना प्रभारी लवकुमार दलबल सहित घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों का शव डैम से बाहर निकाला गया। BDO ने मृतकों के स्वजनों को आश्वासन दिया कि आपदा राहत परिवार को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।