रांची. JPSC की अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले में सीआईडी ने मंगलवार को बड़ा एक्शन लिया है. जांच एजेंसी ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें अक्षय कुमार तिवारी और सुषमा कुमारी शामिल हैं. वहीं, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके तीन आरोपियों मनोज कुमार, रौशन केरकेट्टा और उमाकांत उरांव को सीआईडी ने पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया है.
सीआईडी के मुताबिक, JPSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर दर्ज सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में मनोज कुमार, रौशन केरकेट्टा और उमाकांत उरांव पहले से गिरफ्तार हैं. अब इन्हें रिमांड पर लेकर सीआईडी पूछताछ करेगी. माना जा रहा है कि पूछताछ में परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े लोगों और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश होगी.
अक्षय तिवारी और सुषमा कुमारी गिरफ्तार
इसके अलावा सीआईडी ने कांड संख्या 01/25 में अक्षय कुमार तिवारी और सुषमा कुमार को गिरफ्तार किया है. अक्षय तिवारी देवघर के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र के कोदारकोसो गांव के रहने वाले हैं. वहीं सुषमा कुमारी गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के हथगर की रहने वाली हैं.
रिमांड पर पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
सीआईडी अब पहले से गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पांच दिनों तक पूछताछ करेगी. जांच एजेंसी का फोकस इस बात पर रहेगा कि JPSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी कैसे हुई, इसमें कौन-कौन लोग जुड़े थे और इसकी कड़ियां कहां तक जाती हैं.
दो नए आरोपियों की गिरफ्तारी और तीन आरोपियों को रिमांड पर लिए जाने के बाद इस मामले की जांच और तेज होने की उम्मीद है. सीआईडी ने फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आई जानकारी को सार्वजनिक नहीं किया है.


