पुलिस कस्टडी में एक व्यक्ति की मौत, ग्रामीणों ने की सड़क जाम, थाने पर बोला हमला

साहिबगंज : एक व्यक्ति की मौत पुलिस कस्टडी में हो गई है। मामला तालझारी थाने का है। घटना के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने पहले सड़क जाम कर दी। थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। दोपहर तक विवाद चलता है। इसके बाद उग्र ग्रामीणों ने तालझारी थाने पर हमला बोल दिया। जमकर तोड़फोड़ की गई। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। लगभग 2 घंटे तक थाना परिसर जंग का मैदान बना रहा।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया है। दो जवान घायल हुए हैं। आधा दर्जन ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं।अब भी स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। सुरक्षा बलों के जवान परिसर में कैंप कर रहे हैं। परिजन का आरोप है कि 4 दिनों से पहले पुलिस ने चोरी के आरोप में देबू तुरी नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। इस दौरान आरोप स्वीकार करने के लिए पुलिस ने उसे कड़ी यातनाएं दीं। इस कारण गुरुवार रात करीब 8 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस उसे लेकर साहिबगंज सदर अस्पताल पहुंचीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारियों की माने तो होंडा शोरूम में रविवार की रात हुई लूट की घटना पूछताछ के लिए देबू तुरी को थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत खराब बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए तालझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वह झरना टोला का रहने वाला था। परिजन पुलिस पर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने व पिटाई करने का आरोप लगा रहे हैं। इस संबंध में देबू के बेटे मोनू ने बताया कि उसके पिता को 4 दिन पूर्व तालझारी पुलिस ने कस्टडी में लिया था। पूछताछ के दौरान उन्हें बुरी तरह मारा गया। नियमानुसार पुलिस हिरासत में लेने के 24 घंटे के अंदर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करना था लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

गुरुवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि शोरूम चोरी मामले में आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया था लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण गुरुवार की शाम उसे तालझारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। गंभीर स्थिति होने पर उसे साहिबगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई है। मानवाधिकार के नियमानुसार अग्रसर कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। देबू तुरी का शव सदर अस्पताल में ही है।