Ranchi : झारखंड में कड़ाके की ठंड थमने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में शीतलहरी और घने कोहरे का असर बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि रांची अब अपने पुराने तेवर में लौट आई है और हिल स्टेशन जैसी नजर आ रही है। कई इलाकों में मौसम कुल्लू-मनाली जैसा महसूस हो रहा है।
राजधानी रांची के मैक्लूसकीगंज और कांके इलाके में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। वहीं गुमला और खूंटी जैसे जिलों में तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है। ठंड, शीतलहरी और कुहासे के कारण आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
ठंड को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं
कड़ाके की ठंड को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी हैं। केजी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद रहेंगे। वहीं इससे ऊपर की कक्षाओं के लिए स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। इसके अलावा सड़क पर रहने वाले लोगों के लिए अलाव, अस्थायी आवास और कंबल की व्यवस्था की जा रही है, ताकि कोई भी ठंड से परेशान न हो।
आज भी रहेगा शीतलहरी का असर, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार को भी झारखंड के कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहरी का असर देखने को मिलेगा। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं, जिसकी वजह से राज्य में शीतलहरी बनी हुई है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
कोल्हान प्रमंडल का हाल
कोल्हान प्रमंडल की बात करें तो सरायकेला जिले में दोपहर के समय तेज धूप से लोगों को राहत मिल रही है। हालांकि शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं और ठंड बढ़ जाती है। रात और सुबह के समय यहां ठंड का असर सबसे ज्यादा रहता है। सुबह 7 बजे तक लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
जानिए अपने जिले का तापमान
| शहर/जिला | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| रांची | 21 | 8 |
| जमशेदपुर | 25 | 10 |
| धनबाद | 22 | 10 |
| डाल्टनगंज | 20 | 8 |
| देवघर | 19 | 11 |
| मेदिनीनगर | 20 | 8 |
| मैक्लूसकीगंज | 21 | 7 |
फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
Also Read : लापता अंश-अंशिका की तलाश हुई तेज, सूचना देने वाले को अब मिलेगा 2 लाख


