Johar Live Desk : विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का पांचवां मैच आज यानी सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और यूपी वॉरियर्स (UPW) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। RCB ने अपने पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराकर शानदार शुरुआत की थी। वहीं यूपी वॉरियर्स को अपने पहले मुकाबले में गुजरात जायंट्स के खिलाफ 10 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
हेड टू हेड रिकॉर्ड बराबर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और यूपी वॉरियर्स के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं। ऐसे में आज का मैच दोनों के लिए बढ़त बनाने का मौका होगा।
RCB की मजबूत बल्लेबाजी और गेंदबाजी
RCB की कप्तान स्मृति मंधाना टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 27 मैचों में 664 रन बनाए हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है। गेंदबाजी में श्रेयांका पाटिल ने 16 मैचों में 20 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है। पिछले मैच में नदीन डी क्लार्क ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए नाबाद 63 रन बनाए थे और 4 विकेट भी लिए थे। RCB को उनसे एक बार फिर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
यूपी वॉरियर्स को दीप्ति से उम्मीद
यूपी वॉरियर्स की अहम खिलाड़ी दीप्ति शर्मा हैं। उन्होंने अब तक 26 मैचों में 508 रन बनाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 88 रन है। गेंदबाजी में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन यूपी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने 26 मैचों में 38 विकेट लिए हैं। हालांकि पिछले मैच में दीप्ति शर्मा खास प्रदर्शन नहीं कर पाईं थीं। वह WPL नीलामी में 3.2 करोड़ रुपये की सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी हैं।
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को मिलेगी मदद
डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। इस सीजन में अब तक यहां 3 मैच खेले गए हैं, जिनमें 2 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 1 मैच चेज करने वाली टीम ने अपने नाम किया है।
मौसम रहेगा साफ
नवी मुंबई में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। बारिश की कोई उम्मीद नहीं है। तापमान 19 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जो क्रिकेट के लिए अनुकूल रहेगा।
संभावित प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) : स्मृति मंधाना (कप्तान), ग्रेस हैरिस, डी हेमलता, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नदीन डी क्लार्क, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, प्रेमा रावत, लेंसी स्मिथ, लौरेन बेल।
यूपी वॉरियर्स (UPW) : मेग लैनिंग (कप्तान), डिआंड्रा डॉटिन, फीबी लिचफील्ड, किरण नवगिरे, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, श्वेता सहरावत, सोफी एक्लेस्टोन, आशा सोभना, शिखा पांडे, क्रांति गौड़।
Also Read : झारखंड में शीतलहर का कहर जारी, रांची में हिल स्टेशन जैसी ठंड, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ी

