Jamshedpur : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार विद्वेष की राजनीति के तहत काम कर रही है और ग्रामीणों से उनका संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी मनरेगा को कमजोर करने और उसके स्थान पर विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम यानी वीबी-राम जी एक्ट लागू करने का कड़ा विरोध किया। बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कमलेश ने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा ग्रामीण भारत में मांग के आधार पर 100 दिनों का गारंटी रोजगार देता था, लेकिन नया कानून आपूर्ति आधारित है और बजट की सीमाओं में बंधा हुआ है।
उन्होंने मांग किया कि मनरेगा को तत्काल बहाल किया जाए और वीबी-ग्राम जी एक्ट को निरस्त कर ग्रामीणों का कानूनी काम का अधिकार, उचित मजदूरी और स्थानीय सशक्तिकरण वापस लाया जाए। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस के 28 दिसंबर को 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे झारखंड में धूमधाम से आयोजन करने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला कांग्रेस कमेटियों को झंडे और पर्चे उपलब्ध करा दिए गए हैं तथा जिन पदाधिकारियों के पास झंडा नहीं है, वे कार्यालय से प्राप्त कर अपने घरों पर झंडा फहराकर आयोजन में सहभागी बनें।
मौके पर जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, वरिष्ठ नेता रामाश्रय प्रसाद, अशोक चौधरी, अजय सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र झा, आनंद बिहारी दुबे, खगेनचंद्र चंद्र महतो, अमित श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
Also Read : Escort Service के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार


