Jamshedpur :बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज के आवासीय परिसर में एक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के अंदर लाश पर पड़ा मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
अकेले रहते थे शिक्षक, दो दिन से नहीं दिखे
मृतक की पहचान 40 वर्षीय भीम राम के रूप में हुई है। वे को-ऑपरेटिव कॉलेज में शिक्षक थे और कॉलेज परिसर के क्वार्टर में अकेले रहते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार से ही आसपास के लोगों ने उन्हें नहीं देखा था। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन शनिवार तक कोई हलचल नहीं होने पर शक गहरा गया।
दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को दी सूचना
शनिवार को पड़ोसियों ने उनके घर जाकर दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक कोशिश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी हैरान रह गए। कमरे के सोफे पर भीम राम का शव पड़ा हुआ था।
पत्नी की मौत के बाद थे अवसाद में
पुलिस के मुताबिक, भीम राम मूल रूप से बिहार के आरा जिले के बबुरा गांव के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव और अवसाद में रह रहे थे। वे ज्यादातर अकेले ही रहते थे और लोगों से कम ही मेलजोल रखते थे।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
Also Read : सरहुल से लौट रहे युवकों की बाइक का एक्सीडेंट, तीन की दर्दनाक मौ’त


