Latehar : लातेहार के हेरहंज थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरवाटोली गांव के पास दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज बालूमाथ अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।
सरहुल जुलूस से लौट रहे थे युवक
बताया जा रहा है कि मनु भुइयां और गुलाब भुइयां अपने साथियों के साथ सरहुल जुलूस में शामिल होकर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी सात लोग सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह घायल हो गए।
दो सगे भाइयों की मौत, एक की पहचान बाकी
इस हादसे में हेरहंज थाना क्षेत्र के तासु गांव निवासी दो सगे भाई मनु भुइयां और गुलाब भुइयां की मौत हो गई। तीसरे मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।
घायलों की हालत नाजुक, दो को रिम्स रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से बालूमाथ सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विकास भुइयां, रंजीत भुइयां, कमलेश गंझु और शांति देवी का इलाज जारी है। इनमें से दो की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें रिम्स रेफर किया जा रहा है।
पुलिस ने शव कब्जे में लिया, बाइक जब्त
थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही बड़ी वजह रही। एक बाइक पर चार लोग सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर तीन लोग थे, जिसमें एक महिला भी शामिल थी। किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। तेज गति के कारण टक्कर इतनी भीषण हुई कि तीन लोगों की जान चली गई।
जागरूकता के बावजूद नहीं बदल रही आदत
जिला प्रशासन और पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रहे हैं, लेकिन लोग अब भी नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर साफ कर दिया कि छोटी सी लापरवाही कितनी बड़ी कीमत वसूल सकती है।
Also Read : चाईबासा में 22 से कांग्रेस जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर, समापन में शामिल होंगे राहुल : कमलेश


