Ranchi : कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत झारखंड और ओडिशा के नवचयनित जिला अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 22 मार्च से 31 मार्च तक चाईबासा स्थित टीआरटीसी में आयोजित होगा। इस शिविर के समापन समारोह में 31 मार्च को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने शनिवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
कमलेश ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। इसमें झारखंड के 25 और ओडिशा के 35 जिला अध्यक्ष भाग लेंगे। शिविर के दौरान जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास, विचारधारा और संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने, संगठन विस्तार करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और आम जनता की समस्याओं को समझने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही जिला अध्यक्षों को दो दिन का फील्ड विजिट भी कराया जाएगा, ताकि वे क्षेत्र में जाकर सीधे लोगों से संवाद कर सकें और उनकी समस्याओं को समझ सकें।
कमलेश ने बताया कि इस शिविर में ओडिशा प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरणदास, केंद्रीय वार रूम इंचार्ज और सांसद शशिकांत सेंथिल, सह प्रभारी जट्टी कुसुम कुमार और मयूर जयकुमार के साथ झारखंड प्रभारी के. राजू, सीरीबेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी भी शामिल होंगे।
इसके अलावा विभिन्न सत्रों में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि प्रशिक्षण देंगे। इनमें विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, बंधु तिर्की, डॉ. अभय सागर मिंज, संजय बसु मल्लिक, फादर अजीत खेस, गुंजन मुंदल, अबरार अहमद, प्रवीण चक्रवर्ती, राहुल बल्लाल और दयामनी बारला शामिल हैं। प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, सोनाल शांति, अभिलाष साहू और राजन वर्मा भी मौजूद रहे।
Also Read : जमशेदपुर में बाइक चोरों पर शिकंजा, तीन शातिर गिरफ्तार, पांच बाइक जब्त


