Johar Live Desk : भारतीय शेयर बाजारों की शुरुआत मंगलवार को जोरदार तेजी के साथ हुई। एशियाई बाजारों के सकारात्मक रुख और भारत-अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके व्यापार समझौते की घोषणा से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 85,323 अंक पर खुला। सुबह करीब 9:22 बजे इसमें 2,492 अंक या 3.05 प्रतिशत की तेजी देखी गई और यह 84,158.52 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी-50 भी मजबूती के साथ 26,308 अंक पर खुला। सुबह 9:23 बजे यह 760.70 अंक या 3.03 प्रतिशत चढ़कर 25,849.10 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता बना बाजार की रीढ़
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत के साथ बहुप्रतीक्षित व्यापार समझौते की घोषणा की। इसके तहत भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया। यह फैसला भारत के निर्यात क्षेत्र के लिए राहत का संदेश माना जा रहा है।
कौन से सेक्टर को मिलेगा फायदा
टैरिफ में कटौती से टेक्सटाइल और परिधान, ऑटो पार्ट्स, इंजीनियरिंग कंपनियां, स्पेशलिटी केमिकल्स, कृषि उत्पाद और सीफूड निर्यात से जुड़ी कंपनियां सबसे ज्यादा लाभान्वित होंगी। अमेरिका में कारोबार करने वाली चुनिंदा इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को भी फायदा मिल सकता है।
वैश्विक बाजारों से मिला समर्थन
वैश्विक बाजारों में भी तेजी देखने को मिली। चीन का CSI 300 इंडेक्स 0.51%, हांगकांग का हैंग सेंग 0.78%, जापान का निक्केई 3.09% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.3% मजबूत हुआ। अमेरिकी शेयर बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए। डाउ जोंस में 1.05%, S&P 500 में 0.54% और नैस्डैक में 0.56% की तेजी दर्ज की गई।
अमेरिकी मैन्युफैक्चरिंग डेटा ने बढ़ाया भरोसा
इंस्टीट्यूट फॉर सप्लाई मैनेजमेंट के अनुसार जनवरी में अमेरिका का मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई 52.6 पर पहुंच गया। यह पिछले एक साल में पहली बार 50 के ऊपर गया, जो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में सुधार का संकेत देता है।
सोना-चांदी में भी उछाल
कमोडिटी बाजार में भी तेजी देखी गई। निवेशकों ने सुरक्षित निवेश की ओर रुख किया। स्पॉट गोल्ड 2.22% बढ़कर 4,769.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 3.81% की तेजी के साथ 82.39 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
Also Read : निकाय चुनाव की हलचल तेज: रांची में रोशनी खलखो, धनबाद से भाजपा का मेयर चेहरा सामने


