Joharlive Desk : भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव की शादी की तैयारियां अब जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। परिवार में खुशी का माहौल है और शादी से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। इसी सिलसिले में कुलदीप के पिता राम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन का न्योता भी दिया है। बताया जा रहा है कि शादी में क्रिकेट जगत से लेकर कई बड़े मेहमान शामिल हो सकते हैं, इसलिए कार्यक्रम को खास बनाने की तैयारी की जा रही है।
मसूरी में होगा शादी समारोह
परिवार के करीबी और कुलदीप के कोच कपिल देव पांडे के मुताबिक 13 मार्च 2026 को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी। इसके बाद मसूरी के एक रिजॉर्ट में शादी का आयोजन किया जाएगा। 14 मार्च को कुलदीप यादव और वंशिका सात फेरे लेंगे। माना जा रहा है कि इस खास मौके पर भारतीय टीम के खिलाड़ी और कई अन्य देशों के क्रिकेटर भी शामिल हो सकते हैं। शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में एक भव्य रिसेप्शन पार्टी रखी जाएगी, जिसमें बीसीसीआई और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों समेत कई खास मेहमानों के आने की उम्मीद है।
पहले टल गई थी शादी
कुलदीप और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। उस समय चर्चा थी कि दोनों की शादी नवंबर में हो सकती है, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त कार्यक्रम की वजह से शादी टाल दी गई। बाद में कुलदीप यादव ने फैसला लिया कि वे टी-20 वर्ल्ड कप के बाद ही शादी करेंगे, ताकि क्रिकेट शेड्यूल और शादी दोनों को ठीक से समय दे सकें।
बचपन की दोस्ती से शुरू हुई लव स्टोरी
कुलदीप यादव और वंशिका की कहानी भी काफी दिलचस्प है। दोनों बचपन के दोस्त हैं और असल में कानपुर के रहने वाले हैं। समय के साथ उनकी दोस्ती गहरी होती गई और धीरे-धीरे यही दोस्ती प्यार में बदल गई। वंशिका का जन्म कानपुर के श्याम नगर इलाके में हुआ था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया चली गईं और फिलहाल वहीं नौकरी कर रही हैं। उनके पिता योगेंद्र सिंह चड्ढा एलआईसी में कार्यरत हैं।
Also Read : विधानसभा में गूंजा तोरपा में जंगली हाथियों के आतंक का मुद्दा, विधायक ने सरकार से मांगी मदद


