भारतीय हॉकी टीम एक बार फिर अपने पारंपरिक नीले रंग में नजर आएगी. जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमें ब्लू जर्सी को अपनी पहली पसंद के तौर पर पहनेंगी. वहीं ऑरेंज यानी भगवा रंग की जर्सी दूसरी किट के रूप में रहेगी.
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब कुछ ही हफ्ते पहले भारतीय हॉकी टीम की पारंपरिक नीली जर्सी को हटाकर भगवा/ऑरेंज रंग को मुख्य किट बनाए जाने पर विवाद हुआ था. अब एशियन गेम्स में नीले रंग की वापसी ने एक बार फिर जर्सी को लेकर हुई पूरी बहस को चर्चा में ला दिया है.
जुलाई में बदली गई थी टीम की पारंपरिक जर्सी
बीते 27 जुलाई को Hockey India ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भारतीय पुरुष और महिला टीम की नई जर्सी लॉन्च की थी. इसमें लंबे समय से भारतीय हॉकी की पहचान रही नीली जर्सी की जगह भगवा/ऑरेंज रंग को मुख्य किट बनाया गया था. हॉकी इंडिया ने इस बदलाव के पीछे राजनीतिक वजह से साफ इनकार किया था.
संगठन का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी में इस्तेमाल होने वाला सिंथेटिक टर्फ नीले रंग का होता है. ऐसे में नीली जर्सी की विजिबिलिटी कम हो सकती है और तेज खेल के दौरान खिलाड़ियों को अपने साथियों को पहचानने में परेशानी हो सकती है. खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ से चर्चा के बाद ज्यादा विजिबिलिटी के लिए भगवा रंग को चुना गया था.
ये भी पढ़ें : हॉकी का भगवाकरण? Hockey India बोला- फैसला राजनीतिक नहीं, तकनीकी
जर्सी बदलने पर खिलाड़ियों और अध्यक्ष ने उठाए सवाल
नई जर्सी सामने आने के बाद कई पूर्व हॉकी खिलाड़ियों ने इस फैसले पर सवाल उठाए. उनका कहना था कि भारतीय हॉकी की पहचान लंबे समय से नीले रंग से जुड़ी रही है. इसलिए बिना पर्याप्त चर्चा के अचानक रंग बदलना उचित नहीं है.
मामला तब और गंभीर हो गया, जब Hockey India के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप तिर्की ने भी जर्सी बदलने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए. तिर्की ने कहा था कि उन्हें इस फैसले की पहले से जानकारी नहीं थी और उन्होंने अधिकारियों से इस संबंध में स्पष्टीकरण भी मांगा था.
विवाद के बावजूद भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने वर्ल्ड कप में भगवा/ऑरेंज जर्सी का इस्तेमाल किया. यानी उस समय हॉकी इंडिया ने अपने फैसले को वापस नहीं लिया.
ये भी पढ़ें : हॉकी का भगवाकरण: अपने ही बयान से पलटे दिलीप तिर्की, केसरिया जर्सी पर मांगी सफाई
अब एशियन गेम्स में फिर नीला, ऑरेंज दूसरी किट
अब एशियन गेम्स के लिए Hockey India ने नीले रंग को पहली और ऑरेंज को दूसरी पसंद बताया है. भारतीय ओलंपिक संघ यानी IOA ने खेल महासंघों से किट के रंग को लेकर उनकी पसंद मांगी थी. इसके जवाब में हॉकी इंडिया ने ब्लू को प्राथमिकता दी है.
इसका मतलब यह नहीं है कि भगवा जर्सी पूरी तरह खत्म हो गई है. फिलहाल ऑरेंज दूसरी किट के तौर पर बरकरार रहेगी. यानी जरूरत पड़ने पर भारतीय टीम इसे भी इस्तेमाल कर सकती है.
एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा. भारतीय हॉकी टीम के लिए यह टूर्नामेंट बेहद अहम है. हॉकी में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधा क्वालिफिकेशन मिलेगा.
Also Read : मेजर ध्यानचंद: सेना की नौकरी से ओलंपिक तक, कैसे बने भारतीय हॉकी के जादूगर


